“अपने शरीर से प्यार करते हैं तो हमेशा फिट रहें”, कहती हैं बालिका वधू की आनंदी उर्फ अविका गौड़

अविका गौड़, जिन्हें आप लाडली आनंदी के रूप में जानती होंगी, अपने फैट से फिट के सफर को साझा कर रही हैं और आप उनसे बहुत कुछ सीख सकती हैं।
Updated On: 10 Dec 2020, 03:35 am IST
फैट से फिट के सफर को साझा कर रही हैं अविका गौड़. चित्र सौजन्य- अविका गौड़

फिटनेस आपके शरीर के साइज या आकार से नहीं नापी जाती, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से नापी जाती है। जरूरी पतला होना नहीं, फिट होना है। जैसे-जैसे लोग इस बात को समझ रहे हैं, वजन घटाने वाली डाइट और कमर तोड़ वर्कआउट की जगह नीट (NEAT) एक्सरसाइज और हेल्दी आहार का प्रचलन बढ़ रहा है।

अगर आप भी फिट रहने के लिए प्रेरणा ढूढ़ रही हैं, तो टीवी की लाडली आनंदी यानी अविका गौड़ की वेट लॉस जर्नी आपको जरूर प्रेरित करेगी। अविका ने अपने इंस्टाग्राम पर हाल ही में अपने वेट लॉस और ट्रांसफॉर्मेशन के सफर को फैन्स से साझा किया है। उन्होंने लगभग एक साल में 13 किलो वजन घटाया है।

क्या है अविका गौड़ की वेट लॉस जर्नी?

अविका अपनी पोस्ट में बेहद ईमानदारी से लिखती हैं, “लगभग एक साल पहले, एक दिन मैंने खुद को आईने में देखा और मुझे खुद को देख कर बुरा लगा। मेरा शरीर मोटा था, हाथ-पैर पर फैट थे। मैं मोटी थी यह बात गलत नहीं थी, गलत यह था कि मैं अपनी गलत चॉइसेस की वजह से मोटी थी। यदि कोई थायराइड या PCOS जैसी बीमारी से ग्रस्त हो तो यह उसके नियंत्रण में नही होता। लेकिन जो आपके नियंत्रण में होता है उन गलतियों के कारण अगर आप अनफिट हैं, तो यह ज्यादा गलत है।”

चित्र सौजन्य- अविका गौड़

अविका प्रशंसकों को बताती हैं,”अपने लुक के कारण मेरे अंदर बिल्कुल कॉन्फिडेंस नहीं था। मुझे डांस बहुत पसंद है, लेकिन मैं डांस नही करती थी क्योंकि मुझे लगता था मैं बुरी दिख रही हूं। मेरे अस्वस्थ होने ने मेरे कॉन्फिडेंस और मानसिक शांति पर बहुत बुरा प्रभाव डाला। तब मैंने तय किया कि मैं खुद में सुधार करूंगी।”

अपने जीवन और जीवनशैली में किये गए बदलावों पर अविका बताती हैं, “मैंने छोटे-छोटे बदलाव किए। पहले मैं कुछ भी, कभी भी खा लेती थी। फिर मैंने यह आदत बदली। अगर मुझे वड़ा पाव खाने की इच्छा होती थी, तो मैं खुद को समझाती थी कि यह एक गलत कदम होगा। भले की बेमन से, मगर मैं खुद को उस गलत कदम को उठाने से रोक लेती थी। मैंने स्वस्थ भोजन चुना। जंक फूड से दूरी बनाना ज्यादा कठिन नहीं था, नकारात्मक विचारों से दूरी बनाना ज्यादा मुश्किल था। मैंने खुद से प्यार करना सीखा और उससे बहुत लाभ मुझे मिला। जब आप सकारात्मक होते हैं, तो आप स्वस्थ होते हैं।”

चित्र सौजन्य- अविका गौड़

कुछ मुश्किलें भी हुईं

ऐसा नहीं है कि अविका के लिए वेट लॉस बहुत आसान था। हमारी और आपकी तरह ही उन्हें भी बहुत बार हिम्मत हार कर गलत निर्णय लेने का मन किया। लेकिन निराशा महसूस होने पर अविका ने हार मानने के बजाय मेहनत करना जारी रखा। अविका बताती हैं,”बहुत बार ऐसा लगा कि छोड़ देती हूं, जो है ठीक ही तो है। लेकिन मेरे आस-पास जो लोग थे, मेरे दोस्त, मेरा परिवार, उन्होंने मुझे प्रेरित किया। मुझे वह सपोर्ट दिया जिसकी मुझे जरूरत थी। आज जब मैं खुद को देखती हूं तो मुझे बेहतर महसूस होता है। अब मैं खुद से प्यार करती हूं। मैं जानती हूं अब मैं ज्यादा फिट हूं और यह बात मुझे खुशी देती है।”

आपका चुनाव है ज्‍यादा महत्‍वपूर्ण

हम में से अधिकांश लोग अपने गलत चुनाव के कारण ही अनफिट होते हैं। जंक फूड खाने से खुद को रोक ना पाना, एक्सरसाइज करने में आलस कर जाना, समय पर न सोना जैसे निर्णय ही हमें अस्वस्थ बनाते हैं।
“आपकी फिटनेस आपके हाथ मे है। जीवन बहुत छोटा है और स्वास्थ्य बहुत महत्वपूर्ण है। मैं भी कभी कभी अनहेल्दी खा लेती थी, लेकिन अब मैं गलतियां सुधारने की कोशिश कर रही हूं।”

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

संबंधित विषय:
लेखक के बारे में
विदुषी शुक्‍ला

पहला प्‍यार प्रकृति और दूसरा मिठास। संबंधों में मिठास हो तो वे और सुंदर होते हैं। डायबिटीज और तनाव दोनों पास नहीं आते।

अगला लेख