पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

मेरी मम्मी कहती हैं, पेट में गैस से आराम दिला सकती है अजवायन, जानिए यह कैसे काम करती है

Published On: 22 Nov 2021, 03:13 pm IST
अगर आप एसिडिटी से परेशन हैं तो अजवायन जरूर खाएं। चित्र: शटरस्टॉक

मेरी मम्मी का मानना हैं कि स्वस्थ शरीर के लिए हेल्दी पेट का होना बहुत आवश्यक है। आप कितना भी हेल्दी डाइट का पालन क्यों न कर लें, यदि आपका पाचन तंत्र उसे डाइजेस्ट नहीं कर पा रहा, तो यह हानिकारक साबित होगा। उस पर भी अगर आप ऑयली और मसालेदार खाने के शौकीन हैं, तो एसिडिटी, पेट में जलन और खट्टे डकार आपका पीछा नहीं छोड़ते होंगे। 

लेकिन चिंता मत करिए क्योंकि मेरी मम्मी के नुस्खों के पिटारे में इसके लिए भी एक उपाय है। वह पेट की गैस को दूर करने के लिए अजवायन के सेवन का सुझाव दे रहीं हैं। जानिए अजवायन के फायदे और यह भी कि गैस से राहत पाने के लिए इसका इस्तेमाल कैसे करना है। 

पहले जानिए क्यों होती है एसिडिटी की समस्या? 

अधिकतर गैस की समस्या खानपान की गड़बड़ी के कारण होती है। कई शोध और अध्ययन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि असंतुलित आहार और खाने का गलत समय पेट में गैस बनने का कारण होता है। पर जब आप इसे लगातार नजरंदाज करती हैं, तो ये सिर दर्द, पेट दर्द, सूजन और मोटापा आदि का कारण बनती है।  

एसिडिटी दूर करने के लिए अजवायन फायदेमंद है। चित्र: शटरस्‍टॉक

गैस बनने का सबसे बड़ा कारण है अपच। इसके कारण आपका पूरा पाचन तंत्र ठीक से काम करना बंद कर देता है। इसके अलावा यदि आप सुबह ज्यादा देर तक खाली पेट रहते हैं, तो गैस बनने की संभावना बढ़ जाती है। 

दूसरी ओर कुछ लोगों की भूख ज्यादा होती है और वे शरीर की आवश्यकता से अधिक खा लेते हैं। जिससे अधिक मात्रा में भोजन हजम नहीं हो पाता। यह भी एसिडिटी का मुख्य कारण है। लगातार तला मसालेदार भोजन आपको गैस से परेशान करने के साथ कब्ज और अपच का कारण भी हो सकता है। 

आयुर्वेद भी मानता है अजवायन को पाचन के लिए बेहतर 

आज के भाग-दौड़ भरे जीवन में स्वस्थ दिनचर्या का पालन करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पेट की समस्या आम हो गई है। लेकिन आप हर छोटी परेशानी के लिए डॉक्टर के पास जाना पसंद नहीं करते हैं। इसलिए मेरी मम्मी का अजवायन नुस्खा आपके लिए फायदेमंद है। इसकी पुष्टि आयुर्वेद भी करता है। 

आमतौर पर अजवायन को आप खाना पकाते समय इस्तेमाल करते होंगे। लेकिन आयुर्वेद में इसके औषधीय गुणों का उपयोग किया जाता है। आयुर्वेद मानता है कि अकेली अजवायन ही सैंकड़ों प्रकार के अन्न को हजम करने में सहायता करती है। यह पित्त, सीने में जलन, खट्टे डकार और एसिडिटी से संबंधित सभी परेशानियों को दूर करने में मदद करती है। मेरी मम्मी भी इसके गुणों की वजह से इसका विभिन्न प्रकार से उपयोग करती हैं। 

पेट में गैस होने पर इन 5 तरीकों से करें अजवायन का सेवन 

अगर किसी को अपने पाचन तंत्र को बेहतर बनाना है, तो अजवायन के औषधीय गुणों का फायदा जरूर उठाना चाहिए। अगर आप इन तरीकों से अजवायन का सेवन करेंगे तो गैस की समस्या से निजात पाने में मदद मिलेगी। 

1. एक चम्मच अजवायन को रात भर एक गिलास पानी में भिगोकर रखें। अगली सुबह खाली पेट अजवायन पानी का सेवन करें। इसमें मौजूद थाइमोल आपके पाचन को दिन भर स्वस्थ रखेगा। 

2. अजवायन और हींग का कॉम्बो आपके पेट के लिए वरदान है। जी हां, आप एक चम्मच अजवायन को चुटकी भर हींग के साथ लें। आप रोजाना सुबह-शाम खाने के बाद इसका सेवन कर सकती हैं। 

आप चाय के रूप में अजवायन का सेवन कर सकते हैं। चित्र: शटरस्‍टॉक

3. अगर अजवायन चबाना पसंद नहीं हैं, तो हम एक और प्रभावी उपाय बता रहें हैं। आप पांच बड़े चम्मच अजवायन और पांच चम्मच जीरा को अपने ग्राइंडर में पीस लें। अब इसमें आधा चम्मच हींग और काला नमक भी मिला लें। इस मिश्रण को रोजाना खाने के बाद एक गिलास गुनगुने पानी के साथ पी लें। 

4. एसिडिटी की समस्या लगातार परेशान कर रहीं हैं, तो गरम पानी में एक चम्मच अजवायन पाउडर और काला नमक मिलाकर खाने के बाद पिएं। 

5. एक पैन में थोड़ा सा पानी और अजवायन लेकर अच्छी तरह से उबाल लें। इस पानी को आप गैस से राहत पाने के लिए पी सकती हैं। 

तो लेडीज, अगर आप या आपके परिवार में भी कोई पेट में गैस की समस्या से पीड़ित है, तो ये अजवाइन वाला नुस्खा जरूर आजमाएं। 

यह भी पढ़ें: सर्दियों में हल्दी से रखें स्किन को हेल्दी, मेरी मम्मी का है ये ब्यूटी वाला हर्बल नुस्खा

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अदिति तिवारी

फिटनेस, फूड्स, किताबें, घुमक्कड़ी, पॉज़िटिविटी...  और जीने को क्या चाहिए !

अगला लेख