पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

प्रेगनेंसी में कम करने हैं स्ट्रेच मार्क्स तो इन जरूरी पोषक तत्वों का रखें ध्यान, और भी हैं उपाय

अचानक और बहुत ज्यादा वजन बढ़ने से स्ट्रेच मार्क्स की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए, डॉक्टर की सलाह से वजन बढ़ाएं और धीरे-धीरे इसे नियंत्रित करें। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्के हाथों से मसाज करने से रक्त प्रवाह बढ़ता है।
Published On: 7 Dec 2024, 12:00 pm IST
स्ट्रेच मार्क्स होना बिल्कुल सामान्य है, आप इसके लिए कुछ घरेलू नुस्खों को अपना सकती हैं। चित्र शटरस्टॉक।

प्रेगनेंसी के दौरान स्ट्रेच मार्क्स यानी कि खिंचाव के निशान होना एक सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि इस दौरान महिलाओं के शरीर में तेजी से बदलाव होते हैं। हालांकि, बच्चे के जन्म के बाद महिलाएं स्ट्रेच मार्क्स के कारण बेहद परेशान हो जाती है, तो क्यों न प्रेगनेंसी के दौरान इसपर ध्यान दिया जाए। जी हां, कुछ बातों का ध्यान रखा जाए तो आप प्रेगनेंसी के दौरान स्ट्रेच मार्क्स की संभावना को कम कर सकती हैं(How to avoid stretch marks during pregnancy)।

डॉ. रूबी सेहरा, प्रिंसिपल कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट दिल्ली ने प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क्स की संभावना को कम करने के लिए कुछ जरूरी टिप्स दिए हैं। तो चलिए जानते हैं, प्रेगनेंसी में सुरक्षित तरीके से स्ट्रेच मार्क्स को कैसे कम करना है (How to avoid stretch marks during pregnancy)।

क्या प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क्स को रोका जा सकता है?

डॉ. रूबी सेहरा के अनुसार “सबसे पहले शरीर को अंदर से हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने से त्वचा में नमी बनी रहती है, जिससे स्ट्रेच मार्क्स की संभावना कम होती है। रोजाना अपनी त्वचा को अच्छे से मॉइस्चराइज़ करें, खासकर पेट, स्तन, जांघों और हिप्स की त्वचा को। इससे त्वचा को लचीलापन मिलता है।”

प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क आम हैं। चित्र : शटरस्टॉक

“आप मॉइश्चराइज करने के लिए जैतून तेल, नारियल तेल या एलोवेरा जेल का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके अलावा प्रोटीन, विटामिन C, E और जिंक से भरपूर आहार लें। ये त्वचा को मजबूत बनाते हैं और उसे खिंचाव के दौरान टूटने से बचाते हैं।”

“अचानक और बहुत ज्यादा वजन बढ़ने से स्ट्रेच मार्क्स की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए, डॉक्टर की सलाह से वजन बढ़ाएं और धीरे-धीरे इसे नियंत्रित करें। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्के हाथों से मसाज करने से रक्त प्रवाह बढ़ता है, जो त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। बहुत गर्म पानी से नहाने से बचें। इससे त्वचा शुष्क हो सकती है, जिससे स्ट्रेच मार्क्स के बनने का खतरा बढ़ सकता है।”

नोट: स्ट्रेच मार्क्स का बनना हार्मोनल बदलावों और जीन पर भी निर्भर करता है। यह पूरी तरह से रोके नहीं जा सकते लेकिन इन सभी उपायों से स्ट्रेच मार्क्स को नियंत्रित किया जा सकता है।

प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क्स से बचना है तो इन पोषक तत्वों का भी रखें ध्यान (Nutrients to avoid stretch marks during pregnancy)

1 बढ़ाएं विटामिन सी की मात्रा :

कोलेजन आपकी त्वचा को लचीला और दृढ़ बनाए रखने में मदद करते हैं। यह झुर्रियों को कम करते हैं और स्ट्रेच मार्क्स से आने से रोक सकते हैं। विटामिन सी से भरपूर खाद्य पदार्थ आपकी त्वचा में कोलेजन के उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। खट्टे फल, ब्रोकली, मिर्च, जामुन और आलू में को डाइट में शामिल करें।

प्रेगनेंसी में खानपान पर दें उचित ध्यान। चित्र : शटर स्टॉक

2 विटामिन डी :

एक अध्ययन के अनुसार, विटामिन डी का स्वस्थ स्तर बनाए रखने से गर्भावस्था के दौरान स्ट्रेच मार्क्स का खतरा कम हो सकता है। विटामिन डी प्राप्त करने का सबसे अच्छा तरीका है धूप में समय बिताना। गर्भावस्था के दौरान सुबह 10 बजे की धूप में थोड़ा वक्त बिताए।

हालांकि, सीधी धूप के संपर्क में आने पर अत्यधिक सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है, खासकर यदि आप गर्भवती हैं। गर्भावस्था के दौरान आपकी त्वचा अधिक संवेदनशील हो जाती है। इसलिए सनलाइट में जानें से पहले सुरक्षा का ध्यान रखें। सनलाइट में कुछ समय बिताने के अलावा आप विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे अनाज, दूध या दही जैसे डेयरी उत्पाद को डाइट में शामिल कर सकती हैं।

3 जिंक :

जिंक स्वस्थ त्वचा के लिए एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। यह घावों को भरने में मदद करता है और सूजन को कम करता है। शरीर में जिंक की कमी से स्ट्रेच मार्क्स हो सकता है, इसलिए नट्स, अनाज, साबुत अनाज और मछली जैसे जिंक युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने से आपको स्वस्थ त्वचा बनाए रखने में मदद मिलेगी। डाइट में कुछ भी नया शामिल करने से पहले, डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

4 प्रोटीन :

कोलेजन एक प्रोटीन है, जो आपकी त्वचा को लचीला बनाए रखने में मदद करता है। इस प्रकार प्रोटीन को गर्भावस्था के दौरान स्ट्रेच मार्क्स से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व के रूप में जाना जाता है। शरीर में प्रोटीन की कमी कोलेजन उत्पादन को बाधित कर सकती है, जिससे स्ट्रेच मार्क्स होने का खतरा बढ़ जाता है। अंडे, मछली, मीट, पनीर, दूध और दही जैसे डेयरी उत्पादों को शामिल करके अपने दैनिक प्रोटीन सेवन को बढ़ाएं।

प्लांट बेस्ड आहार लेना चाहिए। चित्र: शटरस्टॉक

प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क्स आने से कैसे रोकें (How to avoid stretch marks during pregnancy)

1. वेट मैनेजमेंट पर ध्यान दें

स्वस्थ वजन बनाए रखना गर्भावस्था के दौरान खिंचाव के निशानों से बचने के सबसे प्रभावी तरीकों में से एक है। जब गर्भावस्था के दौरान वजन बढ़ने के कारण आपकी त्वचा तेजी से खिंचती है, तो स्ट्रेच मार्क्स विकसित हो सकते हैं। हालांकि, गर्भावस्था के दौरान आपका शरीर कई रूपों में बदलता है, लेकिन आप अपने वजन को नियंत्रित करके इस प्रक्रिया को धीमा कर सकती हैं।

पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से आपकी त्वचा हाइड्रेटेड और नरम रहती है। हाइड्रेटेड स्किन पर सूखी, खुरदरी त्वचा की तुलना में खिंचाव के निशान यानी कि स्ट्रेच मार्क्स आने की संभावना कम होती है। गर्भावस्था के दौरान आपके शरीर को कितनी मात्रा में पानी लेना है, इसकी सलाह आपको डॉक्टर से लेनी चाहिए।

2. पोषक तत्वों का ध्यान रखें

प्रेगनेंसी में मां और बच्चे दोनों को खासकर बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए संतुलित आहार की आवश्यकता होती है। वहीं महिलाओं में पोषण की कमी से स्ट्रेच मार्क्स आने का खतरा बढ़ जाता है। प्रेगनेंसी में स्ट्रेच मार्क्स को अवॉइड करने के लिए विटामिन सी और डी, जिंक और प्रोटीन से भरपूर डाइट लें। ये पोषक तत्व समग्र शरीर और त्वचा स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें : Pregnancy and air pollution : प्रेगनेंट हैं, तो प्रदूषण के दौरान आपको रखना चाहिए इन 5 बातों का ख्याल

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अंजलि कुमारी

पत्रकारिता में 3 साल से सक्रिय अंजलि महिलाओं में सेहत संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। हेल्थ शॉट्स के लेखों के माध्यम से वे सौन्दर्य, खान पान, मानसिक स्वास्थ्य सहित यौन शिक्षा प्रदान करने की एक छोटी सी कोशिश कर रही हैं।

अगला लेख