पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

वेट लॉस फ्रेंडली है फूलगोभी, भाग्यश्री बता रही हैं इसके फायदे डाइट में शामिल करने के तरीके

बहुत सारी विदेशी सब्जियां आने के बाद लोग अकसर देसी सब्जियों को बहुत साधारण समझने लगते हैं। जबकि देसी सब्जियां जैसे गोभी, पोषक तत्वों का खजाना होती हैं। अपनी फिटनेस के लिए भाग्यश्री भी करती हैं इस पर भरोसा।
Published On: 22 Mar 2024, 11:00 am IST
सभी चित्र देखे
एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर फूलगोभी में विटामिन के, फोलेट और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसकी गुणवत्ता का लाभ उठाने के लिए इसे अच्छी तरह से क्लीन करें। चित्र : अडॉबीस्टॉक

फुलगोभी एक बेहद खास सुपरफूड है, जिसमें कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसका सेवन समग्र सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लो कैलोरी वाले इस सुपरफूड का स्वाद बेहद खास होता है। छोटे बच्चे भी इसे बड़े आराम से खा लेते हैं। आप इससे अलग-अलग प्रकार के व्यंजन भी तैयार कर सकती हैं। एक्ट्रेस और न्यूट्रीशनिस्ट भाग्यश्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर फूलगोभी के फायदे बताए हैं (cauliflower benefits)। तो चलिए जानते हैं, इसके फायदे और डाइट में शामिल करने का सही तरीका।

फूलगोभी के बारे में क्या कह रही हैं भाग्यश्री?

भाग्यश्री बताती हैं कि फूलगोभी उनकी पसंदीदा सब्जियों में से एक है, क्योंकि इसका स्वाद बेहद कमाल का होता है, साथ ही ये कई महत्वपूर्ण पोषक तत्वों का एक उत्कृष्ट स्रोत है। उन्होंने इसकी फाइबर की गुणवत्ता को खास बताते हुए, बताया की इसमें बेहद कम मात्रा में कैलोरी पाई जाती है। जो इन्हें वेट लॉस के लिए बेहद खास बनाती है। इसके साथ ही भाग्यश्री के अनुसार फूलगोभी में भरपूर मात्रा में विटामिन सी पाई जाती है, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करने के साथ ही त्वचा में कोलेजन प्रोडक्शन को बढ़ावा देती है। इसके साथ ही इसमें विटामिन के भी पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। वहीं इसमें मौजूद कोलिन मेमोरी बूस्टर की तरह काम करते हैं, और मांसपेशियों के मूवमेंट को भी सपोर्ट करते हैं।

सेहत के लिए जानते हैं फूलगोभी के फायदे (cauliflower benefits)

1. फाइबर से भरपूर है फूलगोभी

क्रूसिफेरस सब्जी के रूप में, फूलगोभी फाइबर का एक उत्कृष्ट स्रोत है। फाइबर पाचन क्रिया को स्वस्थ बनाए रखता है, जिससे पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है। यह आपके आंतों में अच्छे बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देता है। आंतों में मौजूद स्वस्थ बैक्टीरिया, शरीर में सूजन को कम कर देते हैं, हार्ट हेल्थ और डिमेंशिया और मोटापे के जोखिम को कम करते हैं।

ह्रदय स्वास्थ्य एक बहुत बड़ा चिंता का विषय बन चूका है. चित्र : एडॉबीस्टॉक

2. हार्ट हेल्थ को बढ़ावा दे

रिसर्च की माने तो सल्फोराफेन कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है, जो आपकी वेसल्स को फैट बिल्डअप से मुक्त रखता है। यह हेल्दी मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देता है और हृदय रोग के खतरे को कम करता है। फूलगोभी के डायट्री फाइबर में कोलेस्ट्रॉल कम करने की समान क्षमता होती है। इस प्रकार इसके सेवन से हृदय संबंधी समस्याएं जैसे हार्ट अटैक, स्ट्रोक आदि का खतरा कम हो जाता है।

3. नर्वस सिस्टम का समर्थन करे

फूलगोभी कोलीन के सबसे अच्छे स्रोतों में से एक है, एक ऐसा पोषक तत्व जो ज्यादातर लोगों को पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता। मूड स्विंग, मेमोरी और मांसपेशियों पर नियंत्रण सहित नर्वस सिस्टम के हेल्दी कार्यों के लिए कोलीन आवश्यक है। शरीर में कोलीन की कमी कॉग्निटिव डिजीज, लीवर की समस्याएं और हृदय की स्थिति का खतरा बढ़ जाता है।

यह भी पढ़ें: घी और हल्दी का कॉम्बिनेशन कर सकता है कब्ज की छुट्टी, जानिए क्या है दादी-नानी का यह बरसों पुराना नुस्खा

4. कैंसर का खतरा कम करती है

फूलगोभी में कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो एंटीऑक्सिडेंट के रूप में कार्य करते हैं। जो शरीर को कैंसर जैसी बीमारियों से जुड़ी सेल डैमेज से बचाने में मदद करते हैं। विशेष रूप से, फूलगोभी में आयोडीन-3-कार्बिनोल (I3C) नामक एक कंपाउंड होता है। रिसर्च का मानना है कि I3C कैंसर सेल्स के ग्रोथ को रोकता है और ट्यूमर को बनने से रोकने में मदद कर सकता है। इसमें सल्फोराफेन भी होता है, अध्ययनों से पता चलता है कि ये कैंसर सेल्स को मार सकता है।

5. वेट लॉस में भी है मददगार

फूलगोभी में कई गुण होते हैं, जो वजन घटाने में आपकी मदद कर सकते हैं। इसमें बेहद कम मात्रा में कैलोरी पाई जाती है और प्रति कप केवल 27 कैलोरी (107 ग्राम) होती है, इसलिए आप इसे निश्चिंत होकर अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं। यह चावल और आटे जैसे उच्च कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों के लिए कम कैलोरी वाले विकल्प के रूप में भी काम कर सकता है।

वेट लॉस को बनाये और ज्यादा आसान। चित्र : एडॉबीस्टॉक

इसमें उच्च मात्रा में फाइबर पाया जाता है, वहीं यह पाचन को धीमा कर देती है। इससे आप लंबे समय तक संतुष्ट रहती हैं, और यह आपके द्वारा दिन भर में खाई जाने वाली कैलोरी की संख्या को कम करने में मदद कर सकता है। यह सभी फैक्टर वेट लॉस जर्नी को आसान बना देता है।

जानें डाइट में फूलगोभी शामिल करने का सही तरीका

1. आप इसे उबाल कर अपनी नियमित सलाद में शामिल कर सकती हैं।
2. आप फूलगोभी को चावल के विकल्प के तौर पर कॉलीफ्लॉवर राइस के रूप में अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं।
3. टोमैटो सूप में फूलगोभी ऐड करें, यह स्वाद एवं पोषण जोड़ने में मदद करेगा।
4. प्याज, अदरक, ग्रीन बींस जैसी अन्य हेल्दी विकल्पों के साथ में फूलगोभी को रोस्ट कर अपनी डाइट में शामिल करें।
5. गोभी रोल भी एक अच्छा आइडिया है। लेफ़्टोवर चपाती में इसे डालें और रोल के तौर पर इसे एंजॉय करें।

यह भी पढ़ें: Cardamom milk : इम्युनिटी बढ़ाकर आपको बीमार होने से बचाता है इलायची वाला दूध, जानिए इसके 6 फायदे

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अंजलि कुमारी

पत्रकारिता में 3 साल से सक्रिय अंजलि महिलाओं में सेहत संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। हेल्थ शॉट्स के लेखों के माध्यम से वे सौन्दर्य, खान पान, मानसिक स्वास्थ्य सहित यौन शिक्षा प्रदान करने की एक छोटी सी कोशिश कर रही हैं।

अगला लेख