एनीमिया को दूर करने के साथ ही आपको कूलिंग इफेक्ट भी देगा फालसे का जूस, हम बता रहे हैं इसकी सबसे आसान रेसिपी
गर्मियों के मौसम में जूस पीना किसे अच्छा नहीं लगता! हम में से कई लोग डिब्बाबंद जूस या कोल्ड ड्रिंक पीने के आदी हैं। मगर इनमें मौजूद प्रिजर्वेटिव्स और केमिकल हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि आप अपने लिए घर पर ताजा जूस बनाए, वह भी फालसे का। फालसा इस मौसम का सुपरफूड है। यह आपको इंस्टेंट एनर्जी और कूलिंग इफेक्ट देता है। तो आइए जानते हैं फालसे का जूस बनाने की सबसे आसान रेसिपी।
उत्तर प्रदेश की शान है फालसे का जूस
यह शरबत उत्तर प्रदेश में खूब पिया जाता है और गर्मियों के दौरान आपको कई लोग इसे बेचते हुए दिख जायेंगे। फालसा आमतौर पर एक छोटा सा फल है, जो दिखने में जामुन जैसा लगता है। ये स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है और आप इसे ऐसे भी खा सकती हैं। मगर इसका जूस बेहद स्वादिष्ट होता है। तो, आइये जानते हैं फालसे के जूस की रेसिपी…
फालसे का जूस बनाने के लिए आपको चाहिए:
सामग्री :
250 ग्राम फालसे
2 बढ़ा चम्मच ब्राउन शुगर (वैकल्पिक)
आधा छोटा चम्मच काला नमक
एक कप आइस क्यूब्स
(नोट: ये सामग्री 4 से 5 लोगों के लिए पर्याप्त है)
फालसे का जूस बनाने की विधि
सबसे पहले फालसे को धोकर छलनी में निकालें और इसका पानी सुखा लीजिये
अब फालसे को मिक्सी में आधा कप पानी डालकर अच्छा पेस्ट बना लीजिये
2 से 3 बार चलाने के बाद इसमें काला नमक और चीनी डालकर मिक्स कर लीजिये और फिर से ग्राइंड कीजिए।
अब इस पेस्ट को छलनी की मदद से एक जग में छान लीजिये।
सारा मिश्रण छानने के बाद आप देख पाएंगी की छलनी में थोड़ा मिश्रण रह गया है।
आप चाहें तो इस मिश्रण को फिरसे मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर चला सकती हैं।
इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक फालसे का सारा गूदा छन न जाए।
अब कुछ आइस क्यूब को गिलास में डालें और इसमें फालसे का जूस डालें।
अंत में इसे पुदीना की पत्ती से गार्निश करके सर्व करें।
आपका फालसे का जूस तैयार है!
अब जानिए क्यों फायदेमंद है फालसे का जूस :
1. एनीमिया दूर करे:
फालसे का जूस पीने से शरीर में खून की कमी नहीं होती। यह लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण करके शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखता है।
2. पोषक तत्वों से भरपूर :
इसमें आयरन, मैग्नीशियम, पोटेशियम, प्रोटीन और विटामिन-A की अच्छी मात्रा होती है, जो शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करेगा।
3. हड्डियों के लिए फायदेमंद :
फालसा हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूती देता है और आगे चलकर गठिया के रोग से बचाता है। यह आपके जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में मददगार है।
4. पाचनक्रिया दुरुस्त करे :
ये वज़न घटाने में बेहद कारगर है क्योंकि यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है। इसके अलवा ये पेटदर्द, सूजन, दस्त और कब्ज़ जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है।
तो लेडीज, इस आसान फालसा जूस रेसिपी के साथ आप खुद को कूल करने के साथ ही पोषक तत्व भी दे सकती हैं।
यह भी पढ़ें : नवरात्रि में वेट लॉस करना है तो अपनी थाली में दें लौकी को जगह, जानिए क्या कहते हैं अध्ययन
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।