पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

Cheese benefits : हेल्दी गट से लेकर बोन हेल्थ तक चीज़ आपको दे सकता है कई लाभ, पर पोर्शन करें कंट्रोल

डबल चीज़ पिज़्जा हो या सैंडविच में रखा चीज़ स्लाइस तक, ये आपको एक्स्ट्रा टेस्ट दे सकते हैं। पर कब और कितना चीज़ खाना है सेहतमंद, इसका ध्यान रखना भी है जरूरी।
Published On: 12 Feb 2022, 01:30 pm IST
क्या चीज़ वजन बढ़ाता है ? चित्र : शटरस्टॉक

फेटा, मोजरेला से लेकर ब्लू चीज़ तक, आपके पसंदीदा सैंडविच और पिज़्ज़ा की टॉपिंग की खास सामग्री है चीज़ (Cheese)। हम चीज़ के साथ कई एक्सपेरीमेंट करते हैं, और बदले में ये हमें यमी टेस्ट देता है। पर क्या आपने कभी सोचा है कि ये आपकी फिटनेस को कैसे प्रभावित करता है! क्या वाकई चीज़ का सेवन आपकी वेट लॉस जर्नी को मुश्किल बना सकता है? आपके फेवरिट चीज़ के लिए आज हम इसी को चैक करने वाले हैं। 

“ज्यादा चीज़ मत खाओ”, “यह तुम्हारा वजन बढ़ा देगा”, यह सेहत के लिए बिल्कुल भी फायदेमंद नहीं। ऐसी सलाह आपको अक्सर मिलती रहती होगी। लेकिन इस बात में कितनी सच्चाई है यह जानना भी बहुत जरूरी है। अगर आप चीज़ के सेहत लाभ जानना चाहती हैं, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं। बस पढ़ते रहिए।

चीज़ सेहत के लिए फायदेमंद है । चित्र-शटरस्टॉक।

पहले जानिए क्यों खास है चीज़ 

चीज़ किसी भी प्रकार का क्यों न हो यह नियमित मात्रा में इस्तेमाल किए जाने पर आपके लिए सेहतमंद हो सकता है। दरअसल चीज़ कैल्शियम, फैट और प्रोटीन का एक बड़ा स्रोत है। इसके अलावा चीज़ जिंक, फॉस्फोरस और राइबोफ्लेविन के साथ विटामिन ए और बी-12 भी बड़ी मात्रा में होता है। 

यह पोषक तत्वों से भरपूर इसलिए भी होता है क्योंकि चीज़ सिर्फ़ घास खाने वाले जानवरों के दूध से तैयार किया जाता है। चीज़ में ओमेगा -3 फैटी एसिड और विटामिन के -2 भी होता है।

क्या चीज़ का सेवन वेट लॉस जर्नी को मुश्किल बना सकता है? 

बहुत सारे पोषक तत्वों का भंडार चीज़ असल में आपकी सेहत के लिए अच्छा है। पर जब आप इसका अनियंत्रतित मात्रा में सेवन करती हैं, तब यह आपको परेशानी में डाल सकता है। 

दरअसल चीज़ में संतृप्त वसा और नमक में ज्यादा मात्रा में होते हैं। जिनके अधिक सेवन से कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप बढ़ सकता है। जिसके परिणाम स्वरूप मोटापा भी हो सकता है, और हृदय रोग (सीवीडी) का खतरा भी बढ़ जाता है। 

लेकिन यदि आपकी दिनचर्या में फैट बर्न करने का रूटीन है यानी आपके डेली रूटीन में कसरत और योग जैसी फिजिकल एक्टिविटी शामिल हैं, तो आप सीमित मात्रा में चीज़ का सेवन कर सकती हैं। 

जानिए चीज़ के क्या हैं फ़ायदे ? 

  1. आपकी हड्डियों के लिए फायदेमंद है चीज़ 

अपनी डाइट में शामिल करें चीज़। चित्र: शटरस्टॉक

चीज़ में मौजूद कैल्शियम और प्रोटीन हमारी हड्डियों को मजबूत करने का काम करते हैं। साथ ही हमारी मांसपेशियों का निर्माण भी करते हैं। चूंकि चीज़ दूध से बनाया जाता है, इसलिए यह कैल्शियम से भी भरा होता है। कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है, और उम्र बढ़ने के साथ ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को भी कम कर सकता है। 

  1. इन्फ्लेमेशन को कम करता है चीज़ 

चीज़ में कंजीगेटेड लिनोलिक एसिड (सीएलए) होता है, जो सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। इसकी मदद से हृदय रोग और मोटापे को भी रोका जा सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि कुछ पूर्ण वसा वाले डेयरी उत्पाद कम मात्रा में खाने पर स्वस्थ हो सकते हैं। 

  1. गट हेल्थ के लिए अच्छा है चीज़ 

किण्वित खाद्य पदार्थ जैसे चीज़ और दही में प्रोबायोटिक बैक्टीरिया होते हैं।  कुछ छोटे अध्ययनों से पता चला है कि स्वस्थ आंत बैक्टीरिया कोलेस्ट्रॉल के स्तर को स्वस्थ रख सकते हैं। 

एक दिन में कितना चीज़ खाया जा सकता है? 

नियमित करना चाहिए चीज़ का सेवन। चित्र: शटरस्‍टॉक

आपको 1 दिन में कितना चीज का सेवन करना चाहिए यह आपके वजन और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है। ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन के अनुसार,एक सामान्य और स्वस्थ व्यक्ति को प्रतिदिन 30 ग्राम चीज मॉडरेशन में खाने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन 40 साल से अधिक उम्र के लोगों को दिन में एक बार से अधिक खाने की सलाह नहीं देता है। हलांकि आप अपनी सेहत के अनुसार डाइटीशियन से सलाह ले सकती हैं।

इन लोगों को नहीं करना चाहिए चीज़ का सेवन 

चीज में लैक्टोज होता है, जिसे लैक्टोज असहिष्णु लोग पचा नहीं सकते। उनके शरीर में एंजाइम की कमी होती है, जो इसे तोड़ता है। इन मामलों में, बहुत अधिक लैक्टोज गैस और सूजन सहित पाचन समस्याओं का कारण बन सकता है।

इसलिए अगर आपको लेक्टोज एलर्जी है या आप पाचन संबंधी गड़बड़ियों के शिकार हैं, तो चीज़ आपके लिए सही नहीं है। 

यह भी पढ़े : क्या वाकई नुकसानदेह है अंडे का सफेद भाग? एक्सपर्ट बता रहे हैं इस मिथ की सच्चाई

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अक्षांश कुलश्रेष्ठ

सेहत, तंदुरुस्ती और सौंदर्य के लिए कुछ नई जानकारियों की खोज में

अगला लेख