खून की कमी दूर करनी है तो अपने आहार में जरूर शामिल करें हरी फलियां, सेहत को मिलेंगे और भी फायदे
ग्रीन बींस एक खास सुपरफूड है, जिसे इसके महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है। इसका इस्तेमाल तरह-तरह के व्यंजनों को बनाने में किया जाता है, और लोगों को इसका स्वाद भी बेहद पसंद है। अक्सर छोटे बच्चे हरी सब्जियां खाने से कतराते हैं, परंतु ग्रीन बींस एक ऐसी सब्जी है, जिसे छोटे बच्चे भी बड़े चाव से खाते हैं। पर क्या आपने कभी यह जानने की कोशिश की है, आखिर ग्रीन बींस क्यों इतनी खास है! यदि नहीं, तो आज हम आपको बताएंगे ग्रीन बींस में छिपे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के बारे में। साथ ही जानेंगे यह सेहत के लिए किन रूपों में फायदेमंद होती है (benefits of green beans)।
जानें ग्रीन बींस के फायदे (benefits of green beans)
1. हृदय स्वास्थ्य में सुधार करे
ग्रीन बींस फाइबर से भरपूर होती हैं, और फाइबर हमारे शरीर के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण पोषक तत्व के रूप में जाना जाता है। सॉल्यूबल फाइबर, विशेष रूप से, आपके एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (खराब कोलेस्ट्रॉल) के स्तर को कम करने में प्रभावी रूप से कार्य करती हैं। इस प्रकार ग्रीन बींस आपके हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।
यह भी पढ़ें: छाछ में मिलाइए कड़ी पत्ता और बदहजमी की कर दीजिए छुट्टी,जानिए कैसे बनता है ये सुपर हेल्दी कॉम्बो
2. पाचन स्वास्थ्य को बढ़ावा दे
ग्रीन बींस में फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है, यह आपके पाचन तंत्र को स्वस्थ और संतुलित रहने में मदद करते हैं। इसके साथ ही यदि आपको इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम की समस्या है, तो कुछ प्रकार के फाइबर फायदे से अधिक नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे आपको गैस, सूजन और आंतों की परेशानी हो सकती है।
3. एनीमिया की स्थिति में कारगर है
ग्रीन बींस में पर्याप्त मात्रा में आयरन मौजूद होता है। आयरन रेड ब्लड सेल्स का एक अनिवार्य हिस्सा है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन को आपके पूरे शरीर की अन्य सभी कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। अपर्याप्त आयरन के सेवन से एनीमिया हो सकता है, जो थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याओं का कारण बनता है। शरीर में आयरन की उचित मात्रा होने से खून की कमी नहीं होती।
4. डिप्रेशन के लक्षणों को नियंत्रित रखे
ग्रीन बींस विटामिन बी और फोलेट दोनों का एक समृद्ध स्रोत है। अवसाद को कम करने के लिए शरीर को पर्याप्त मात्रा में विटामिन बी की आवश्यकता होती है। इसके साथ ही पर्याप्त फोलेट प्राप्त करने से आपके शरीर में होमोसिस्टीन की मात्रा को कम करने में मदद मिलती है। बहुत अधिक होमोसिस्टीन आपके सेरोटोनिन, डोपामाइन और नॉरपेनेफ्रिन के प्राकृतिक उत्पादन में बाधा बन सकते है। ये अभी हार्मोन आपके मूड के साथ-साथ आपकी नींद और भूख को भी नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
5. हड्डियों को मजबूती दे
ग्रीन बींस में भरपूर मात्रा में विटामिन K पाया जाता है। वहीं यह कैल्शियम का भी समृद्ध स्रोत है। ये पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं, साथ ही फ्रैक्चर के जोखिम को कम कर देते हैं।
जानें डाइट में ग्रीन बींस को शामिल करने का सही तरीका
ग्रीन बींस को डाइट में किस तरह से शामिल करना है, यह पूर्ण रूप से आपके ऊपर निर्भर करता है। ठंड में ग्रीन बींस को डाइट में शामिल करने का सबसे अच्छा तरीका है सूप। इसके अलावा ग्रीन बींस को सब्जी के रूप में तैयार कर सकती हैं। साथ ही साथ इसे सलाद के तौर पर लेना भी एक हेल्दी आईडिया है। ग्रीन बींस से हेल्दी स्नैक्स तैयार किया जा सकता है। इसका अचार भी लोगों को बेहद पसंद आता है। आप इसे दलिया और पुलाव को बनाने में भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Paneer for diabetics : वर्ल्ड डायबिटीज डे से पहले जानिए क्या शुगर के मरीजों को खाना चाहिए पनीर?
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।