चुकंदर और टमाटर का सूप है हेल्दी और सूदिंग रेसिपी, जानिए इसके फायदे और बनाने का तरीका

इस सूप को बनाना बेहद आसान है, और आप इसे रोजाना बना सकती हैं। इस सर्दी चुकंदर और टमाटर की गुणवत्ता से भरपूर सूप को अपनी नियमित डाइट का हिस्सा बनाएं।
Published On: 5 Jan 2025, 10:00 am IST
इस सूप को बनाना बेहद आसान है, और आप इसे रोजाना बना सकती हैं। चित्र : अडॉबीस्टॉक

सर्दी के दिनों में सूप पीना भला किसे पसंद नहीं होता। गर्मागर्म सूप का सेवन गले को राहत प्रदान करता है, और शरीर को गर्माहट देता है। क्या अपने कभी चुकंदर और टमाटर का सूप ट्राई किया है? चुकंदर और टमाटर से बने सूप में मौजूद पोषक तत्वों की गुणवत्ता सर्दी में इम्यूनिटी को बढ़ावा देने में मदद कर सकती हैं। इसके अलावा भी यह आपकी सेहत के लिए कई अन्य रूपों में फायदेमंद साबित हो सकता है। इस सूप को बनाना बेहद आसान है, और आप इसे रोजाना बना सकती हैं। इस सर्दी चुकंदर और टमाटर की गुणवत्ता से भरपूर सूप को अपनी नियमित डाइट का हिस्सा बनाएं। हम बता रहे हैं, आपको चुकंदर और टमाटर सूप की आसान सी रेसिपी (Beetroot tomato soup)।

टमाटर और चुकंदर सूप (tomato beetroot soup)

टमाटर और चुकंदर सूप बनाने के लिए आपको चाहिए

3 टमाटर (बड़े आकार के)
1 चुकंदर (घना हुआ)
1 प्याज (मध्यम आकार का)
½ इंच अदरक का टुकड़ा
4 से 5 लहसुन की कलियां
1 कप वेजिटेबल स्टॉक
1 तेजपत्ता
स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
¼ कप नारियल क्रीम (या ताजी क्रीम)
2 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल (डेयरी मक्खन या कोई वीगन मक्खन)

इस सर्दी चुकंदर और टमाटर की गुणवत्ता से भरपूर सूप को अपनी नियमित डाइट का हिस्सा बनाएं। चित्र : अडॉबीस्टॉक

इस तरह तैयार करें टमाटर चुकंदर सूप

एक पैन या बर्तन में चुकंदर, टमाटर, प्याज, नमक, तेज पत्ता, अदरक, लहसुन, स्टॉक और नमक डालें।
इसे उबाल लें, ढककर तब तक पकाएं जब तक कि चुकंदर पक न जाएं।
तेज़ पत्ता डालें, ब्लेंडर का उपयोग करके, सूप को मुलायम प्यूरी बनाने के लिए ब्लेंड करें।
सूप के बर्तन को फिर से गैस स्टोव पर रखें, ऑलिव ऑयल या मक्खन डालें और 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
क्रीम (ताज़ी क्रीम या नारियल क्रीम) मिलाएं और एक मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
आपकी चुकंदर टमाटर सूप परोसने के लिए तैयार है।

जानें चुकंदर और टमाटर से बने सूप के फायदे (benefits of Beetroot tomato soup)

1. त्वचा स्वास्थ्य में सुधार करे

टमाटर के रस में विटामिन सी, विटामिन ई और बीटा कैरोटीन की मात्रा मौजूद होती है। ये पोषक तत्व त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं, और स्किन को आराम पहुंचाते हैं। चुकंदर का रस त्वचा के छिद्रों से सीबम उत्पादन को कम कर सकता है, जिससे एक्ने का खतरा कम हो जाता है। इसके नियमित सेवन से त्वचा में एक प्राकृतिक ग्लो जुड़ जाता है, और आपकी स्किन बेहद खूबसूरत नजर आती है।

त्वचा स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है चुकंदर का जूस. चित्र : अडॉबीस्टॉक

2. सूजन में कमी आती है

इन्फ्लेमेशन कई गंभीर समस्याओं के खतरे को बढ़ा देता है। ऐसे में टमाटर और चुकंदर का जूस आपकी मदद कर सकता है। टमाटर में लाइकोपीन होता है, जो शरीर में सूजन को कम कर करने में मदद करता है, और कैंसर एवं हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याओं के जोखिम को कम कर देता है। नियमित रूप से इसके सेवन से तमाम तरह की क्रॉनिक बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

3. प्रतिरक्षा प्रणाली में सुधार करता है

टमाटर का सूप विटामिन सी का एक अच्छा स्रोत है। वहीं बीटरूट में एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा पाई जाती है। ये दोनों पोषक तत्व आपकी इम्यूनिटी को बढ़ावा देते हैं। इस प्रकार आपकी बॉडी बीमारियों से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार रहती है, और आपको सेहत संबंधी समस्याएं परेशान नहीं करती।

4. पाचन स्वास्थ्य में सुधार करता है

चुकंदर और टमाटर का सूप पाचन और कब्ज से राहत पाने में मदद कर सकता है। चुकंदर और टमाटर दोनों में डायट्री फाइबर मौजूद होते हैं, जो पाचन प्रक्रिया को बढ़ावा देते हैं और खाद्य पदार्थों के पाचन को आसान बना देते हैं। यदि आपको कब्ज की समस्या रहती है, तो ऐसे में चुकंदर और टमाटर का सूप पीएं।

पाचन स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, बीटरूट। चित्र : अडॉबीस्टॉक

5. स्टैमिना बढ़ाता है यह सूप

चुकंदर और टमाटर में मौजूद पोषक तत्वों की गुणवत्ता, शरीर में ऊर्जाशक्ति को बढ़ावा देती हैं। वहीं इस प्रकार व्यक्ति के एक्सरसाइ परफॉर्मेंस में सुधार हो सकता है। वहीं ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने में मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें : वेट लॉस में भी मदद करती है काली मिर्च की चाय, जानिए इसे बनाने का ट्रेडिशनल तरीका और फायदे

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अंजलि कुमारी

पत्रकारिता में 3 साल से सक्रिय अंजलि महिलाओं में सेहत संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। हेल्थ शॉट्स के लेखों के माध्यम से वे सौन्दर्य, खान पान, मानसिक स्वास्थ्य सहित यौन शिक्षा प्रदान करने की एक छोटी सी कोशिश कर रही हैं।

अगला लेख